लालकुआं (नैनीताल)। पखवाड़ेभर पहले संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसी बिंदुखत्ता के हाडाग्राम निवासी 11वीं कक्षा की छात्रा की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।
हाडाग्राम निवासी सतीश पांडे की 15 वर्षीय पुत्री रक्षिता बरेली रोड के एवरग्रीन पब्लिक स्कूल में पढ़ती थी। वह आधे विषयों की परीक्षा दे चुकी थी। इसी दौरान वह संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग से 13 मार्च को झुलस गई थी। परिजनों ने उसे हल्द्वानी के बृजलाल अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां उपचार के दौरान स्वास्थ्य में सुधार न होने पर उसे बरेली यूपी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उपचार के दौरान शुक्रवार को छात्रा ने दम तोड़ दिया। वह तीन भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। छात्रा की मौत को लेकर क्षेत्र में कई तरह की चर्चाएं हैं। कोतवाल योगेश उपाध्याय का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। मामले की जांच कर घटना के कारणों का पता लगाया जाएगा।
संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसी छात्रा की मौत