हल्द्वानी। रेलवे फाटक बंद होने के बाद भी कई लोग बाइक और साइकिल निकालने की जल्दी में रहते हैं। यह जानते हुए भी उनकी यह जल्दी खतरनाक है। सोमवार को चोरगलिया रोड के फाटक पर बाइक सवार की जिद उसी पर भारी पड़ गई। वह फाटक के नीचे से बाइक तो निकाल ले गया मगर ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से नहीं बच सका। उसकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। आरपीएफ ने बाइक सवार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
लखनऊ काठगोदाम एक्सप्रेस सुबह करीब नौ बजे इंदिरा नगर के पास पहुंची। इस कारण चोरगलिया रोड वाला फाटक बंद था। फाटक बंद होने के बाद भी एक बाइक सवार ने बाइक घुसा दी। वह ट्रैक पार कर रहा था अचानक सामने से ट्रेन आ गई। ट्रेन को देखकर वह हड़बड़ा गया। बाइक नीचे गिर गई और उसका पैर बाइक में फंस गया। उसने हाथ देकर ट्रेन रोकने की कोशिश की लेकिन ट्रेन तेजी में थी। ड्राइवर ने ट्रेन हल्की की लेकिन रोक नहीं सकता था। गनीमत यह रही कि सवार का पैर बाइक से निकला और वह मौके से हट गया। बाइक ट्रेन की इंजन की चपेट में आ गई। इधर सूचना पर जीआरपी, आरपीएफ फोर्स भी मौके पर पहुंच गई। आरपीएफ ने बाइक को जब्त कर लिया है। आरपीएफ ने बाइक यूके 04 पी 4638 के स्वामी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरटीओ से स्वामी का नाम, घर का पता जुटाया जा रहा है। फिर आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। प्रत्यक्षदर्शी सोहेल अहमद ने बताया कि चालक की सूझबूझ से हादसा नहीं हुआ। आरपीएफ के शंकर सिंह बिष्ट ने बताया कि धारा 147, 153 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
जीवन अनमोल है
1. फाटक बंद है तो कुछ देर के लिए रुक जाएं। यह जल्दी जानलेवा बन सकती है।
2. जो ऐसा कर रहा है उसे भी रोकें। आपकी एक नेक सलाह उसके लिए वरदान बन सकती है।
3. जल्दबाजी करने से ट्रेन में सवार सैकड़ों लोगों की जान को भी खतरा हो सकता है।