हल्द्वानी। एक युवती ने आरोप लगाया है कि उसने धर्म बदलकर ऊधमसिंह नगर के एक युवक से निकाह किया मगर 12 जनवरी को पति अपने भाई के साथ घर से निकला और लापता हो गया। लोकजन शक्ति पार्टी की नेता ने इस मामले में पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
सरनाकोटी की रहने वाली युवती ने बताया कि 21 नवंबर 2017 को उसने अपना धर्म बदलकर ऊधमसिंह नगर जिले के सिरौली किच्छा निवासी मोहम्मद शहजान से मुस्लिम रीति रिवाज से निकाह किया। शादी के बाद से ही उसके ससुराल वाले इस रिश्ते से खुश नहीं थे। 12 जनवरी 2018 को पति का छोटा भाई फरमान आया और पति को एटीएम से पैसे निकलवाने की बात कहकर ले गया। घर नहीं लौटने पर महिला ने पति के बारे में फरमान से पूछा तो उसने बताया कि शहजान उसके साथ नहीं है। इस मामले में उसने 13 जनवरी को कोतवाली थाने में तहरीर दी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। सोमवार को लोकजन शक्ति पार्टी की महासचिव कांता चंदेल महिला को लेकर कोतवाली पहुंची और फिर तहरीर दी। इस मामले में एसएसआई मनोहर सिंह दसौनी का कहना है कि गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस घटना की जांच कर रही है।