नैनीताल। ओखलकांडा ब्लॉक के एक गांव की युवती से सामूहिक दुराचार, हमले के आरोपी को राजस्व पुलिस नहीं पकड़ सकी। पीड़िता के पिता ने डीएम को पत्र देकर आरोपी से जानमाल का खतरा बताते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। ओखलकांडा ब्लॉक निवासी एक व्यक्ति ने 17 नवंबर को पट्टी पटवारी को तहरीर देकर अपने ही गांव के निवासी पान सिंह और उसके अज्ञात साथी पर अपनी पुत्री के साथ दुराचार, रंजिशन हमला करने का आरोप लगाया था। तहरीर पर राजस्व पुलिस ने एक आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया था लेकिन आरोपी गिरफ्तार नहीं हो सका। इससे पीड़िता और उसके परिजन भयभीत हैं। पीड़िता के पिता ने मंगलवार को डीएम को पत्र देकर पांच दिन बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर रोष व्यक्त करते हुए कहा कि आरोपी से परिवार को जान, माल का खतरा बताया है। उन्होंने डीएम से आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी कराने की मांग की है। पट्टी पटवारी नईम अहमद ने बताया कि उक्त मामले को राजस्व पुलिस से रेगुलर पुलिस को हस्तांतरित कराने के लिए एसडीएम को पत्र भेजा गया है।