हल्द्वानी। जालसाजों ने रोडवेज कर्मचारी के खाते से बृहस्पतिवार को 5600 रुपये निकाल लिए। इससे पहले भी कर्मचारी के खाते से 2500 रुपये निकाले गए थे। इधर, एक अन्य युवक के खाते से जालसाजों ने 16 हजार रुपये निकाले हैं। पुलिस दोनों घटनाओं की जांच कर रही है।
काठगोदाम नईबस्ती निवासी राजेश कोहली उत्तराखंड परिवहन विभाग के परिचालक हैं। बृहस्पतिवार को जालसाजों ने राजेश कोहली के खाते से 5600 रुपये निकाल लिए। घटना के बाद परिचालक ने एटीएम कार्ड बंद कराया। राजेश का कहना है कि 11 अप्रैल को भी उनके खाते से 2500 रुपये निकाले गए, लेकिन कोई मैसेज नहीं आने के कारण पता नहीं चल सका। परिचालक ने इसकी लिखित जानकारी काठगोदाम पुलिस को दी। इसी प्रकार पॉलीशीट निवासी सोबन सिंह का यूनियन बैंक की मंडी शाखा में खाता है। बृहस्पतिवार को सोबन सिंह के खाते से जालसाजों ने 16 हजार रुपये उड़ा लिए। भुक्तभोगी ने एटीएम कार्ड बंद कराने के बाद घटना की लिखित जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस का कहना है कि लगातार खातों से पैसे निकलने की शिकायतें मिल रही हैं। इस मामले में पहले की तरह कोई कॉल भी नहीं आ रही है। ओटीपी भी कोई नहीं बता रहा है, फिर भी पैसे निकाले जा रहे हैं। जालसाजों के बदलते ट्रेंड से पुलिस भी परेशान है।
जालसाजों ने बदला ट्रेंड, बिना फोन किए उड़ा रहे खातों से पैसा
पुलिस भी परेशान, रोडवेज कर्मी सहित दो के खातों से पैसे उड़ाए