हल्द्वानी। कोतवाली पुलिस ने विजया बैंक के प्रबंधक के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि बैंक प्रबंधक ने खाताधारक से अनुमति लिए बिना ढाई लाख रुपये खाते से निकाल लिए थे। कोतवाल केआर पांडे ने बताया कि ऊधमसिंह नगर जिले के बाजपुर हरसान निवासी फार्म हाउस के मालिक सुरेंद्र सिंह डोगरा ने जेल रोड तिराहा स्थित शाखा में दो खाते खोले थे। सुरेंद्र सिंह का आरोप है कि बैंक प्रबंधन ने उसके दोनों खातों से दो लाख 51 हजार 825 रुपये निकाल लिए। इस मामले में उसको जानकारी नहीं दी गई। खाते में पैसा कम मिलने पर उसने प्रबंधक से शिकायत की तो लोग आनाकानी करने लगे। इस मामले में पुलिस ने पहले जांच की तो पाया कि पैसा निकालने में बैंक के शाखा प्रबंधक नीरू रावत की भूमिका संदिग्ध है। पुलिस ने इस मामले में नीरू रावत के खिलाफ धोखाधड़ी का नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस मुकदमे की जांच हीरानगर चौकी प्रभारी निर्मल सिंह लटवाल को सौंपी गई है।