हल्द्वानी। एसपी सिटी ने निर्णय लिया है कि हादसों को रोकने के लिए बुधवार से डंपर या ट्रक नैनीताल रोड पर स्कूली बच्चों के आने-जाने के समय नहीं चलेंगे। इस आदेश का उल्लंघन करने पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी।
एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव ने हादसों को रोकने के उद्देश्य से काठगोदाम चौकी में स्कूलों के प्रधानाचार्यों और डंपर मालिकों की बैठक बुलाई। बैठक में मुद्दा उठा कि स्कूली बच्चों के आवागमन के समय डंपर और ट्रक का संचालन होता रहता है। इस कारण हादसों का भय स्कूली बस चालकों को बना रहता है। काठगोदाम में लापरवाही के चलते डंपर से कुचलकर एक बच्ची की जान चली गई थी। बैठक में सीओ दिनेश चंद्र ढौडियाल, टीआई महेश चंद्रा, सीपीयू प्रभारी हरकेस सिंह और काठगोदाम थानाध्यक्ष मौजूद थे। सीओ दिनेश चंद्र ढौडियाल ने बताया कि बैठक में निर्णय लिया गया है कि नैनीताल रोड के तिकोनिया से लेकर कोलटैक्स तक सुबह साढ़े छह से साढ़े आठ बजे और दस से 12 बजे दोपहर तक ट्रक या डंपर नहीं चलेंगे। आदेश का पालन कराने के लिए सीपीयू, यातायात विभाग और पुलिस रोड पर तैनात रहेगी। एसपी सिटी का कहना है कि यह प्रयोग किया जा रहा है। आवश्यकता पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी पाबंदी लगायी जा सकती है।