हल्द्वानी। हल्दूचौड़ रेलवे लाइन के समीप संपर्क क्रांति एक्सप्रेस और बाजपुर में पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से दो महिलाओं की मौत हो गई। डूंगरपुर हल्दूचौड़ निवासी लीला तिवारी (45) पत्नी स्वर्गीय राजेंद्र तिवारी रेलवे लाइन के पार एक दुकान में काम करती थी। बृहस्पतिवार की सुबह महिला ड्यूटी करने के लिए पैदल जा रही थी। हल्दूचौड़ में रेलवे लाइन के समीप ट्रेन की चपेट में आ गई। लालकुआं पुलिस उसे लेकर एसटीएच आई लेकिन डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला के बेटे रोहित ने बताया कि डेढ़ साल पहले उसके पिता की मौत हो गई थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सुपुर्द कर दिया। इधर बाजपुर से घायल होकर आयी महिला सुखमीत कौर (35) पत्नी सेवक सिंह को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने मेडिकल चौकी पुलिस को बताया कि सुखमीत कौर रोज की तरह बृहस्पतिवार की सुबह अपने दो बच्चों को स्कूल छोड़कर पैदल घर लौट रही थी। बाजपुर में ही ट्रेन से धक्का लगने के कारण महिला बेहोश हो गई। पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे परिजनों को सुपुर्द कर दिया।