हल्द्वानी। अदालत के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक सहित दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि दो लाख रुपये बैंक द्वारा किसी अन्य खाते में भेज दिए थे।
कोतवाली पुलिस के अनुसार सखावत गंज निवासी सुरजीत कौर ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में प्रार्थनापत्र दिया था कि उसने 20 मार्च 17 को बैंक ऑफ बड़ौदा की मुख्य शाखा में दो लाख का चेक जमा करने के लिए बेटे तरनजीत को भेजा। बेटे ने बैंक के ड्राप बाक्स में चेक जमा कर दिया। दूसरे दिन बैंककर्मियों से पूछने पर पता चला कि चेक पटियाला बैंक से रमेश रावो ने भुना लिया है। इस मामले में शिकायत करने के बावजूद बैंक ने गंभीरता से नहीं लिया। अदालत ने सुनवाई के बाद मुकदमा दर्ज कर 11 अगस्त तक विवेचना पूरी करने के निर्देश दिए हैं। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में बैंक के प्रबंधक और रमेश मावो के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मुकदमे की विवेचना शुरू कर दी है।