रामनगर (नैनीताल)। पीरूमदारा क्षेत्र के बसई में सड़क पार कर रहे बुजुर्ग को अज्ञात वाहन के चालक ने टक्कर मार दी। इससे बुजुर्ग हवा में उछलकर सड़क पर गिरे, इसके बाद पीछे से आया दूसरा वाहन उन्हें कुचलता हुआ चला गया। बुजुर्ग ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। खबर लिखे जाने तक बुजुर्ग के शव की शिनाख्त नहीं हो पाई थी।
बसई स्थित एक होटल के पास रामनगर से काशीपुर की ओर जा रहे अज्ञात वाहन ने सड़क पार कर रहे करीब 65 वर्षीय बुजुर्ग को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुजुर्ग हवा में काफी दूर उछल कर सड़क पर गिरे। इसके बाद पीछे से आ रहा दूसरा वाहन बुजुर्ग को कुचलते हुए चला गया। इस दौरान पीरूमदारा से लौट रहे भाजपा नेता राकेश नैनवाल ने सड़क पर पड़े बुजुर्ग को अपनी गाड़ी में रखकर रामनगर अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सक प्रशांत कौशिक ने बुजुर्ग का इलाज शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान बुजुर्ग की मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे एसआई रविंद्र राणा ने बुजुर्ग की जेब की तलाशी ली तो उसके पर्स में गन्ना समिति की बुक मिली। बुक महेंद्र सिंह पुत्र हाम सिंह निवासी हाथीडंगर की है। एसआई ने बताया कि पुलिस अभी जांच पड़ताल कर रही है।
एक वाहन ने मारी टक्कर, दूसरे ने कुचला
पहले वाहन की टक्कर से हवा में उछलकर सड़क पर गिरा था बुजुर्ग
नलकूप कर्मी की मौत
रामनगर (नैनीताल)। केनाल कॉलोनी में रहने वाले नलकूप कर्मी हरेंद्र सिंह बोरा (48) पुत्र नगेंद्र सिंह की अस्पताल में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार रविवार सुबह उनकी तबीयत अचानक खराब हुई थी। इस पर उन्हें रामनगर अस्पताल में ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें हल्द्वानी के लिए रेफर कर दिया। हल्द्वानी में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हरेंद्र नलकूप विभाग में मेट के पद पर तैनात थे। वह बाजपुर यूएस नगर के मूलवासी थे। नलकूप खंड के ईई संजय कुशवाह ने बताया कि वह अल्मोड़ा में हैं, मेट की मौत होने की जानकारी उन्हें मिली है।