हल्द्वानी। जिला पुलिस डेढ़ माह बाद भी चर्चित महिला हत्या की गुत्थी सुलझाने में उलझती नजर आ रही है। जब डेढ़ माह बाद भी सफलता नहीं मिली तो अब पुलिस इस बिंदु पर काम कर रही है कि कहीं भाड़े के हत्यारों ने तो महिला का कत्ल तो नहीं किया था।
गोरापड़ाव क्षेत्र के एक घर में महिला की 26 अगस्त की रात धारदार हथियार से कत्ल कर दिया था। बीचबचाव करने में बेटी भी घायल हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने घटना की चश्मदीद बेटी से कई बार जानकारी की, लेकिन कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आए। इस मामले में 200 युवतियों और युवकों से पूछताछ की गई, लेकिन वारदात के कारणों का सुराग पुलिस लगा नहीं पाई।
पुलिस की स्थिति ये है कि जांच में सर्विलांस और सीसीटीवी फुटेज भी फेल हो गए। महिला के घर आने जाने वालों से पूछताछ कर कई जानकारियां हासिल की गईं। जब कुछ हाथ नहीं लगा तो अब पुलिस कयास लगा रही हैं कि कहीं भाड़े के हत्यारों ने तो महिला का कत्ल नहीं किया था। इस मामले में पुलिस कई व्यवसायियों पर निगरानी रख रही है। हालांकि पूछताछ में कई व्यवसायियों के नाम सामने आए थे। इस मामले में एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव ने कोई भी जानकारी देने से इंकार कर दिया है।
चर्चित हत्याकांड की गुत्थी डेढ़ माह बाद भी अनसुलझी
चश्मदीद बेटी भी नहीं बता पाई कौन थे मां के हत्यारे