हल्द्वानी। नैनीताल रोड पर काफी डे के सामने मेडिकल कॉलेज की छात्रा की स्कूटी लेकर चोर भागा लेकिन कार से टक्कर होने पर सड़क पर गिर पड़ा। लोगों ने उसकी पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया।
मेडिकल कॉलेज में द्वितीय वर्ष की छात्रा स्मृति चिकारा अपनी सहेली दीपिका लोहनी के साथ बृहस्पतिवार की रात काफी डे गई थी। वहां एक अनजान युवक ने स्मृति से स्कूटी पार्क करने को कहा। स्मृति ने उसे चाभी देकर कहा कि वह साइड में लगा दे। चाभी मिलते ही युवक स्कूटी शुरू कर भागने लगा। यह देख वहां मौजूद मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने शोर मचा दिया लेकिन वह तेज रफ्तार से भाग गया। वह बृजलाल अस्पताल के सामने पहुंचा ही था कि सामने से आ रही कार से टकराकर गिर पड़ा। उसके सिर पर चोट आई। तब तक पीछे से छात्र भी पहुंच गए। उन्होंने उसे पीटना शुरू कर दिया। पुलिस को बुलाकर उसे बेस अस्पताल में ले जाया गया जहां से सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया गया। उसने अपना नाम कपिल कुमार निवासी पद्मपुरी बताया। स्कूटी मिलने के बाद छात्रा अपने सहपाठियों के साथ काठगोदाम थाने पहुंची। छात्रा की तहरीर पर पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।