हल्द्वानी। कर्मचारियों का पीएफ जमा नहीं करने पर ईपीएफ महकमे ने रानीखेत के जीडी बिड़ला मेमोरियल स्कूल का खाता कुर्क कर दिया है। खाते से 17.77 लाख रुपये की वसूली की गई है।
ईपीएफ अधिकारियों के मुताबिक चिलियानौला रानीखेत में स्थित जीडी बिड़ला मेमोरियल पब्लिक स्कूल में हास्टल की सुविधा है। इस स्कूल में 40-50 से ज्यादा कर्मचारी काम करते हैं। स्कूल प्रबंधन इन कर्मियों का पीएफ जमा नहीं कर रहा था। दो साल से क्षेत्रीय आयुक्त कार्यालय से चिट्ठी पर चिट्ठी लिखी जा रही थी। स्कूल प्रबंधन पीएफ बाद में देने ओर किस्तों में देने का दावा कर रहा था। इन दो सालों में एक भी रुपया पीएफ में जमा नहीं किया था। इस पर ईपीएफ ने पड़ताल शुरू की। जांच में आया कि स्कूल का भारतीय स्टेट बैंक की रानीखेत शाखा में खाता है। इस पर ईपीएफ विभाग ने स्कूल का खाता कुर्क कर 17.77 लाख रुपये की वसूली कर ली। अब इस रकम को पीएफ में जमा किया जाएगा। महकमा ऐसे दूसरे स्कूलों और अन्य संस्थानों की भी सूची तैयार कर रहा है।
ईपीएफ दफ्तर ने कर्मचारियों का पीएफ नहीं देने पर की कार्रवाई
17.77 लाख रुपये की वसूली की गई है
1,000 क्लेम ही हैं लंबित
क्षेत्रीय आयुक्त कार्यालय के अधिकार क्षेत्र में पूरे कुमाऊं मंडल की संस्थाएं हैं। सामान्य रूप से ईपीएफ दफ्तर 20 दिन में सभी क्लेम निस्तारित कर देता है, लेकिन स्टाफ की कमी और दावे अधिक संख्या में होने के कारण मामले लंबित थे। पिछले महीने 4,000 से ज्यादा ऐसे क्लेम थे जो 20 दिनों से ज्यादा दिनों के थे। विभाग ने इनका निबटारा प्रमुखता से किया। अब महज 1,000 क्लेम ही बचे हैं। इन्हें भी 15 जुलाई तक निस्तारित किया जाएगा। फिर हर क्लेम को 20 दिनों में निस्तारित करने पर काम किया जाएगा।
जीडी बिड़ला स्कूल का एसबीआई रानीखेत शाखा का खाता कुर्क कर 17.77 लाख रुपये वसूले गए हैं। दो साल से लगातार पत्राचार कर रहे थे लेकिन स्कूल ने पीएफ खाते में एक भी रुपया जमा नहीं किया। कर्मचारियों का पीएफ न देने वाले संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा।
- आशीष कुमार शर्मा, क्षेत्रीय आयुक्त, ईपीएफ