भीमताल (नैनीताल)। लेक्स इंटरनेशनल स्कूल भीमताल में तैनात कांडा निवासी शिक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव बुधवार शाम किराए के कमरे में पड़ा मिला। पुलिस शिक्षक की मौत की वजह हार्टअटैक मान रही है। अलबत्ता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बात की मौत की वजह पता चल पाएगी।
थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक ने बताया कि विजयपुर कांडा बागेश्वर निवासी गोविंद सिंह राणा (31) पुत्र स्व. बहादुर सिंह भीमताल के लेक्स इंटरनेशनल स्कूल में अंग्रेजी पढ़ाते थे। वह विकास भवन के पास दुम्का निवास में पिछले तीन साल से किराये के कमरे पर रहते थे। बुधवार दोपहर तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकले तो पड़ोस में रहने वाले साथी शिक्षक राकेश सिंह ने दरवाजा खटखटाया। काफी देर तक जब दरवाजा नहीं खुला तो उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर बेड पर गोविंद का शव पड़ा था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही परिजनों को सूचित किया। शाम तक गोविंद के चाचा हल्द्वानी निवासी शेर सिंह राणा यहां पहुंच गए थे। पुलिस के मुताबिक शिक्षक गोविंद राणा के शव को देखकर लग रहा है कि उनकी मौत हार्टअटैक से हुई है। कमरे से किसी भी प्रकार का जहरीला पदार्थ या दवा नहीं मिली है। हालांकि, शरीर पर हल्के नीले रंग के निशान है। मौके पर मौजूद सीओ आरएस नबियाल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही मौत के कारणों की पुष्टि हो पाएगी। मामले की जांच एसआई मनवर सिंह को सौंपी गई है।
संदिग्ध हालात में कांडा निवासी शिक्षक की मौत
किराए के कमरे में मिला शव, पुलिस हार्टअटैक मान रही है मौत की वजह
चुनाव के लिए जाना था घर
विद्यालय के अकाउंटेंट नवीन ममगाईं ने बताया गोविंद सिंह को बुधवार सुबह बागेश्वर अपने गांव जाना था। उन्होंने वोटिंग के लिए छुट्टी ली थी। पड़ोसी शिक्षक राकेश सिंह ने बताया कि मंगलवार शाम गोविंद सिंह ने खाना विद्यालय में साथ ही खाया था और शाम को बोला था कि सुबह जल्दी उठा देना ताकि वह घर समय से निकल सके।
सरकारी शिक्षक के लिए हो गया था चयन
शिक्षक गोविंद सिंह लेक्स इंटरनेशनल स्कूल में वर्ष 2013 से अंग्रेजी के शिक्षक थे। विद्यालय के अकाउंटेंट नवीन ममगाईं ने बताया कि गोविंद सिंह का सरकारी शिक्षक के लिए चयन भी हो गया था।