काशीपुर। दहेज में एक लाख रुपये की मांग को लेकर पति समेत ससुरालियों ने नवविवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। दो बार पंचायतों में समझौता होने के बाद भी ससुराली उसे दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करते रहे। पीड़िता की मां ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
मोहल्ला गंज निवासी नगमा पत्नी तूफैल ने कहा है कि उसकी पुत्री फरहा का निकाह आठ अप्रैल 2017 को बाजपुर निवासी युवक से हुआ था। निकाह के कुछ समय बाद ही ससुराली एक लाख रुपये की मांग को लेकर उसके साथ मारपीट करने लगे। आरोप है कि 30 अप्रैल 2017 को पति, सास, ससुर, ननद व नंदोई ने उसकी पुत्री को मारपीट कर घर से निकाल दिया।
कुछ दिन बाद पंचायत में ससुराल पक्ष ने प्रताड़ित नहीं करने का भरोसा दिया। इस पर उसने अपनी पुत्री को ससुराल भेज दिया। इसके बाद भी ससुराल पक्ष के लोगों ने उसका उत्पीड़न जारी रखा। तीन मई को पति, ससुर व देवर ने फिर उसके साथ मारपीट की और दहेज की मांग को लेकर घर से निकाल दिया। उक्त महिला का प्रार्थना पत्र काउंसलिंग के लिए महिला हेल्प लाइन को भेजा गया है।