हल्द्वानी। सोशल मीडिया के माध्यम से धर्म विशेष के खिलाफ टिप्पणी करने पर लोग नाराज हो गए। शिकायत मिलने पर बनभूलपुरा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने एमबीए के छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है।
आजादनगर के जीशान अली ने बनभूलपुरा पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि फेसबुक पर एक व्यक्ति ने धर्म विशेष के खिलाफ गलत टिप्पणी की है। इस टिप्पणी से काफी लोग आहत हैं। साक्ष्य के तौर पर युवक ने फेसबुक का स्क्रीन शॉट भी पुलिस को उपलब्ध कराया।
पुलिस ने इस मामले में मुकुल जोशी नामक व्यक्ति के खिलाफ धारा 295 आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत ने आश्वस्त किया कि इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने इस मामले में गोरापड़ाव के एक युवक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ से पता चला कि पकड़ा गया युवक भीमताल स्थित एक संस्थान में एमबीए का छात्र है। छात्र अपनी गलती स्वीकार नहीं कर रहा है। घटना से गुस्साए लोगों को बुजुर्गों के सहयोग से शांत किया गया।
मुकदमा दर्ज, एमबीए का छात्र हिरासत में