हल्द्वानी। पुलिस ने कहा है कि अनुसूचित जाति जनजाति के खिलाफ सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने पर कार्रवाई की जाएगी। पोस्ट डालने पर ग्रुप एडमिन प्राथमिक रूप से जिम्मेदार समझे जाएंगे। जिला पुलिस को जानकारी मिली है कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा अनुसूचित जाति, जनजाति अधिनियम के संबंध में जारी निर्देशों के क्रम में कुछ लोगों की ओर से भारत बंद आदि के कार्यक्रम आयोजित करने के संबंध में सोशल मीडिया पर तरह -तरह के पोस्ट डाले जा रहे हैं। एलआईयू के निरीक्षक दीप भट्ट ने इस संबंध में लोगों से ऐसा न करने का अनुरोध किया है। पुलिस का कहना है कि जो भी व्यक्ति सोशल मीडिया पर धार्मिक, जातीय या समाज में विद्वेष फैलाने वाले पोस्ट डालता है, शेयर अथवा लाइक करेगा, उसके विरुद्ध पुलिस सुसंगत धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई करेगी।