हल्द्वानी। आर्मी स्कूल अल्मोड़ा में नौवीं में पढ़ने वाले विशाल की लोकेशन हल्द्वानी में मिली है। उसने टैक्सी से उतरने के बाद एटीएम से 40 हजार रुपये निकाले और मोबाइल और जूते भी खरीदे। नैनीताल पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
खोल्टा गांव के ललित सिंह जड़ौत का 14 साल का बेटा विशाल मंगलवार सुबह स्कूल गया था, लेकिन छुट्टी के बाद घर नहीं पहुंचा। बताया जा रहा है कि परीक्षा में फेल हो जाने पर वह परेशान था। पूछताछ में पता चला कि वह टैक्सी में बैठकर हल्द्वानी की ओर गया था। घर वालों ने टैक्सी चालक से जानकारी जुटाई तो मालूम हुआ कि विशाल नगर निगम के पास उतर गया था और एटीएम ढूंढ रहा था। यहां पहुंचे परिजनों ने कोतवाल केआर पांडे से मदद मांगी। इसके बाद पुलिस ने नगर निगम के पास स्थित एटीएम के सीसीटीवी की फुटेज खंगाली गई। भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम की फुटेज में विशाल नजर आया। यहां से उसने 40 हजार रुपये निकाले थे। इसके बाद पुलिस ने विशाल की फोटो लेकर दुकानों में सर्च अभियान चलाया। पता चला कि उसने एक दुकान से मोबाइल और दूसरी से जूते खरीदे हैं। कोतवाल का कहना है कि मोबाइल का आईएमईआई नंबर मिल गया है। उसे जल्द तलाश लिया जाएगा।