हल्द्वानी। टीपीनगर पार्किंग नंबर तीन के मोड़ पर बृहस्पतिवार सुबह डंपर ने बाइक सवार किशोर को रौंद डाला, जबकि बाइक चालक घायल हो गया। हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर भाग निकला। पुलिस डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश कर रही है।
इंदिरानगर निवासी इमरान (23) बृहस्पतिवार सुबह साढ़े आठ बजे अपने साथी आजादनगर निवासी उवैस (16) को बाइक (यूके04 यू1637) से लेकर छड़ायल स्थित कारपेंटर की दुकान पर जा रहा है। टीपीनगर के पार्किंग संख्या तीन के पास मुड़ते समय डंपर (एचआर38 जी 1145) के चालक ने बाइक पर टक्कर मार दी। इससे बाइक पर पीछे बैठा उवैस डंपर के नीचे गिर गया और टायर के नीचे आ गया। इसके बाद चालक डंपर को छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने लोगों की मदद से दोनों को एसटीएच भेजा। डॉक्टरों ने उवैस को मृत घोषित कर दिया। इमरान का इलाज चल रहा है। पुलिस ने बाइक और डंपर को कब्जे में ले लिया है। साथ ही पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। चौकी प्रभारी कैलाश नेगी ने बताया कि बाइक सवार इमरान और उवैस ने हेलमेट नहीं पहना था।
डंपर ने बाइक सवार किशोर को रौंदा
साथी घायल, चालक डंपर छोड़कर भागा
दोनों ने नहीं पहना था हेलमेट
चार भाइयों में तीसरे नंबर का था उवैस
घटना का शिकार उवैस चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। वह इमरान के साथ कारपेंटर का काम सीख रहा था। उवैस के पिता मोहम्मद अनीस मजदूरी करते हैं। चचेरे भाई रफीक सहित काफी लोगों ने डंपर चालक पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया। मेडिकल पुलिस चौकी के सामने कब्रिस्तान में किशोर के शव को सुपुर्देखाक किया गया।