हल्द्वानी। हीरा उत्थान मंच के पास बृहस्पतिवार सुबह उस समय सनसनी मच गई जब पैदल स्कूल जा रही 10वीं की छात्रा को बाइक सवार दो युवकों ने अगवा करने की कोशिश की। छात्रा की चीख पुकार सुनकर सड़क पर टहल रहे लोगों ने युवकों को पीछा कर धर दबोचा। दोनों की पिटाई कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बाइक सीज कर दी है। हालांकि दोनों का कहना है कि वह छात्रा को स्कूल छोड़ने जा रहे थे।
रामपुर रोड की रहने वाली छात्रा जेल रोड स्थित एक स्कूल में 10वीं में पढ़ती है। वह घर से रोज पैदल स्कूल जाती है। बृहस्पतिवार की सुबह करीब सवा सात बजे वह हीरानगर उत्थान मंच के पास पहुंची थी, अचानक दो युवक वहां पहुंचे और उसे जबरदस्ती अपनी बाइक पर बैठा लिया। छात्रा के शोर मचाने पर सुबह टहलने के निकले लोग दंग रह गए। उन्होंने पीछा कर बाइक सवार युवकों को घेरकर धर दबोचा। पकड़े गए युवकों ने अपना नाम शाहरुख और इमरान निवासी लाइन नंबर 17 बनभूलपुरा बताया। दोनों ने अगवा करने की बात से इन्कार करते हुए कहा कि वे छात्रा को स्कूल छोड़ने जा रहे थे। इस पर लोगों ने उनकी पिटाई कर दी। थोड़ी ही देर में वहां भीड़ जमा हो गई। हीरानगर चौकी फोन कर पुलिस बुला ली गई। पुलिस दोनों को चौकी ले आई और बाइक (यूके 04 यू 4349) को जब्त कर अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया। कोतवाल केआर पांडे का कहना है कि छात्रा नाबालिग है इसलिए विवेचना के दौरान पाक्सो की धारा भी बढ़ाई जाएगी। हीरानगर चौकी प्रभारी प्रताप सिंह नगरकोटी का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दोनों को न्यायिक हिरासत में लेकर जेल भेज दिया। मामले की जांच महिला उपनिरीक्षक कुमकुम धानिक कर रही हैं।
युवती का बयान
युवती ने पुलिस को बयान दिया कि दोनों युवक करीब डेढ़ सप्ताह से स्कूल जाते समय उसका पीछा कर रहे थे। बवाल के डर से उसने घर वालों को यह बात नहीं बताई।