हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में मामूली बात को लेकर दो छात्र गुट आमने-सामने हो गए। प्राचार्य के हस्तक्षेप करने पर दोनों गुटों के बीच उपजा विवाद शांत हो गया लेकिन पुलिस को अनावश्यक भागदौड़ करनी पड़ी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों ने संगठन की सदस्यता के लिए डिग्री कॉलेज में शिविर लगाया था। इस मामले को लेकर एनएसयूआई के छात्रनेताओं ने विरोध जताया। हंगामे के बीच किसी ने पुलिस को सूचना दी कि कॉलेज में मारपीट हो गई है। सूचना मिलने के बाद भोटिया पड़ाव चौकी प्रभारी नंदन सिंह रावत पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पूछताछ के दौरान मारपीट की सूचना झूठी पाई गई। इस बीच प्रभारी प्राचार्य डॉ. उषा मित्तल और सहायक परीक्षा नियंत्रण डॉ. एएस उनियाल ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं को समझा बुझाकर शिविर हटवाया। कॉलेज प्रशासन की कार्रवाई से दूसरा गुट शांत हो गया।