हल्द्वानी। गौलापार में हुई किसान की हत्या के मामले में काठगोदाम पुलिस अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी है। जांच से पता चला कि किसान की हत्या कही अन्य स्थान पर करने के बाद कातिलों ने ओवरहेड टैंक के नीचे शव को व्यवस्थित कर रख दिया था। पश्चिमी खेड़ा निवासी चंदन सिंह बजवाल (67) की 24 फरवरी की रात गला घोंटकर हत्या की गई थी। किसान का शव ट्यूबवेल के ओवरहेड टैंक के नीचे मिला था।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर पता चला कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई है। चंदन सिंह के दोनों पैरों में चप्पल थे। पुलिस का मानना है कि यदि किसी का गला दबाया जाएगा तो अवश्य छटपटाएगा। उसके पैर से चप्पल निकलेगी या दूर खिसकेगी लेकिन चंदन सिंह की चप्पलें मजबूती के साथ पैर में थी। पुलिस ने ट्यूबवेल से कुछ साक्ष्यों को इकट्ठा किया है। कयास लगाया जा रहा है कि किसी करीबी ने ही मारने के बाद शव को अच्छे ढंग से लिटाया है। पुलिस को उच्चाधिकारियों ने साक्ष्य हासिल करने के लिए डीएनए कराने की सलाह दी है। पुलिस शीघ्र ही अदालत से डीएनए के लिए आदेश प्राप्त करने की कोशिश करेगी। इस बारे में थानाध्यक्ष कमाल हसन का कहना है कि घटना का शीघ्र खुलासा होगा। इस मामले में साक्ष्य जुटाने के लिए पुलिस डीएनए जांच कराने की कोशिश करेगी।
किसान की हत्या कहीं और की गई!
मौके से बरामद साक्ष्यों का डीएनए कराने पर विचार