हल्द्वानी। बुजुर्ग वकील को एक मजदूर को अपने घर में शरण देना महंगा पड़ गया। मजदूर घर से 11 तोला सोना उड़ा ले गया। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मजदूर को गिरफ्तार कर सोने का कंगन बरामद कर लिया है।
लाइन नंबर तीन आजादनगर निवासी बुजुर्ग अधिवक्ता रियाज हुसैन ने मजदूर जाबिर हुसैन के खिलाफ बनभूलपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने कहा कि वह उनके आलमारी से सोने का एक कंगन, वजन करीब 11 तोला और दो सोने की गिन्नियां चुरा ले गया। जाबिर बरेली जिले के सुरेली बहेड़ी का निवासी है। पुलिस ने मामले में 12 सितंबर को मुकदमा दर्ज किया था। इस मामले की विवेचना एआई संजीत कुमार राठौड़ को सौंपी गई। विवेचक ने मंगलवार को नामजद अभियुक्त जाबिर हुसैन को मंडी बाईपास स्थित फायर स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि सोने का कंगन उन्हीं के भवन के सामने स्थित पार्क लाइन नंबर तीन से पेड़ों के नीचे जमीन में छिपाया है। पुलिस ने वहां से कंगन बरामद कर लिया। थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत का कहना है कि बुजुर्ग वकील गिरफ्तार मजदूर को घर में रहने के लिए शरण देते थे। कभी-कभी वह अधिवक्ता का घरेलू कार्य कर देता था। गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत, उपनिरीक्षक संजीत कुमार राठौर, कांस्टेबल परवेज अली शामिल है।