हल्द्वानी। तीनपानी बाईपास स्थित रेलवे के बंद फाटक (बूम) को सोमवार की सुबह तेज रफ्तार कार ने टक्कर मारकर तोड़ दिया। दुर्घटना के चलते अप और डाउन की ट्रेन लेट हुईं। आरपीएफ ने कार चालक मोहम्मद आसिम को गिरफ्तार कर लिया।
आरपीएफ के उपनिरीक्षक चंद्रसेन ने बताया कि सोमवार की सुबह 10 बजकर 45 मिनट पर मुरादाबाद पैसेंजर ट्रेन को पार कराने के लिए तीनपानी बाईपास स्थित रेलवे फाटक डाउन किया गया था। ट्रेन आने से पहले तेज रफ्तार कार ने फाटक में टक्कर मार दी। कार बंद फाटक को टेढ़ा करते हुए अंदर घुस गई। फाटक टेढ़ा होते देख रेलवे के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार चालक को पकड़ लिया। आरपीएफ की टीम भी मौके पर पहुंची। आरपीएफ ने कार को कब्जे में ले लिया। चालक मोहम्मद आसिम के खिलाफ रेल अधिनियम की धारा 160(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ से पता चला कि चालक बरेली जिले के आदर्श कालोनी कैंट का रहने वाला है। वह नैनीताल घूमने के लिए आया था। आरपीएफ उपनिरीक्षक का कहना है कि चालक को मंगलवार को रेलवे न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। मुकदमे की विवेचना एएसआई शंकर सिंह बिष्ट को सौंपी गई है। दुर्घटना के बारे में स्टेशन मास्टर ने विभाग के अन्य अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद अप और डाउन की ट्रेनें धीमी रफ्तार में संचालित की गई। आरपीएफ का कहना है कि रेलवे फाटक को कुछ देर बाद बदल दिया गया।
कार की ऐसी स्पीड कि रेलवे का फाटक ही तोड़ डाला
हादसे के चलते ट्रेनें हुई लेट, आरपीएफ ने चालक को गिरफ्तार किया