हल्द्वानी। दो युवकों के विवाद ने बनभूलपुरा पुलिस को काफी देर तक उलझा दिया। एक युवक का कहना था कि वह दूसरे के साथ पति-पत्नी (समलैंगिंग) की तरह रहना चाहता है। पुलिस ने दोनों को समझाकर परिजनों के साथ घर भेज दिया।
बनभूलपुरा थाने में बृहस्पतिवार दोपहर दो युवक पहुंचे। इन युवकों में से एक ने कहा कि वह अपने साथी के साथ शादी करना चाहता है, लेकिन दूसरा तैयार नहीं है। इस पर दोनों में विवाद हो गया है। थाने में मौजूद महिला उपनिरीक्षक कुसुम एवं अन्य पुलिसकर्मी हैरत में पड़ गए। 19 और 23 साल के दोनों युवकों की दाढ़ी-मूंछ आ गई थी। दोनों का दावा था कि दोनों डेढ़ साल से एक-दूसरे के संपर्क में हैं। 19 साल के युवक का कहना था कि उसके साथी को महिलाओं जैसे घर में रहना चाहिए। वह कमाकर उसे खिलाएगा। इस पर पुलिस ने दोनों को थाने में बैठा दिया और दोनों को परिजनों को थाने बुलाया। थाने में कुछ देर तक बैठने के बाद जब दोनों नहीं माने तो पुलिस ने दोनों को परिजनों के साथ घर भेज दिया। थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत ने बताया कि पुलिस को ऐसे मामले भी सुलझाने पड़ते हैं।
एक युवक दूसरे से शादी करने पर अड़ा
पुलिस असमंजस में, समझाकर परिजनों के साथ घर भेजा