हल्द्वानी। भोटिया पड़ाव चौकी के पास पार्क के सामने खड़ी केमू की बस की सीट पर बुधवार सुबह ड्राइवर का शव मिलने से सनसनी मच गई। वह रात में खाना खाकर बस में सोया था। पुलिस कयास लगा रही है कि मौत हार्ट अटैक से र्हुई है। शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले।
पिथौरागढ़ जिले के रुगाड़ी गड़ाई गंगोलीहाट बेड़ीनाग निवासी कल्याण सिंह डसीला (52) केमू की बस में ड्राइवर थे। मंगलवार की रात भोटिया पड़ाव चौकी के पास पार्क के सामने केमू की बस खड़ी करने के बाद वह सीट पर सो गए थे। बुधवार की सुबह कंडक्टर हुकुम सिंह उन्हें जगाने पहुंचा तो आंखें नहीं खोलने पर वह सन्न रह गया। कल्याण का शरीर ठंडा पड़ गया था। उसने तुरंत इसकी जानकरी बस मालिक गोपाल और पुलिस को दी। पुलिस ड्राइवर को अस्पताल ले गई मगर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। चौकी प्रभारी भगवान सिंह महर का कहना है कि मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मिलेगी।
रात में बस में सोया, सुबह मृत मिला
केमू बस ड्राइवर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, हार्ट अटैक की आशंका