लालकुआं (नैनीताल)। कोतवाली पुलिस ने बरेली से स्मैक की तस्करी कर रहे आरोपी को पांच ग्राम स्मैक समेत गिरफ्तार किया है। बाद में पुलिस ने तस्कर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया।
हल्द्वानी के मुखानी थाना क्षेत्र के उत्तरांचल विहार कॉलोनी पीलीकोठी निवासी दीपेश लटवाल को पुलिस ने शुक्रवार को रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया। पुलिस ने दीपेश के पास से पांच ग्राम स्मैक बरामद की है। बताया कि वह बरेली से स्मैक लेकर ट्रेन से रेलवे स्टेशन पहुंचा था। रेलवे स्टेशन पर उसने पहले ही अपनी बाइक खड़ी कर रखी थी। वह बाइक से जैसे ही हल्द्वानी के लिए रवाना हुआ पुलिस ने उसे रोका और तलाशी में उसके पास से पांच ग्राम स्मैक बरामद की। बताया कि लगातार सूचना मिल रही थी कि दीपेश क्षेत्र में स्मैक की तस्करी कर रहा है। पुलिस उससे पूछताछ करके अन्य तस्करों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर दीपेश को जेल भेजा है।
बरेली से स्मैक ला रहा तस्कर गिरफ्तार
हल्द्वानी निवासी आरोपी के पास से पांच ग्राम स्मैक बरामद, जेल भेजा