रामनगर (नैनीताल)। पुलिस ने वीजा दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित जफर खां निवासी दौलतबाग गली नंबर 10 नागफनी मुरादाबाद ने बताया कि उसका बेटा मो. शोएब सऊदी अरब में ड्राइवरी का काम करता है। उसकी मुलाकात सऊदी अरब में ड्राइवरी करने वाले दानिश निवासी बैड़ाझाल से हुई। दानिश ने उसके बेटे से कहा कि उसके पास वीजा है, यदि किसी को बुलाना हो तो बताना। शोएब ने इस संबंध में शाहनवाज अली, नाजिम खां, तनवीर, खान यूसुफ से बात की। दानिश के कहने पर तीनों से वीजा दिलाने के नाम पर एक-एक लाख रुपये लिए और सितंबर 2017 में शकील अहमद निवासी शिवलालपुर को दिए। इस दौरान गवाह के रूप में मो. आरिफ, बेटे मो. जुहैब मुरादाबाद में मौजूद रहे। इसके बाद भी बहाने से वे रुपये देते रहे। दानिश के पास तीन लाख 95 हजार रुपये पहुंच गए। बाद में उन्होंने फर्जी वीजा और टिकट भेज दिया। जब मामले का पता लगा तो आरोपियों से रुपये मांगे गए लेकिन एक साल से वे टालमटोल कर रहे हैं। पीड़ित ने दानिश, शकील, सैफ, शाहरूख निवासीगण शिवलालपुर रिउनिया के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने धारा 420, 468, 467, 471आईपीसी के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।