रामनगर (नैनीताल)। बीरू मनराल हत्याकांड का मुख्य आरोपी बैलपड़ाव निवासी देवेंद्र सिंह उर्फ बाऊ सोमवार को कड़ी सुरक्षा के बीच पेशी पर रामनगर कोर्ट लाया गया। ग्राम छोई निवासी हेमंत फर्त्याल हत्याकांड में सोमवार को बाऊ की रामनगर कोर्ट में तारीख थी। इसलिए हल्द्वानी जेल में बंद बाऊ को कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया गया। पेशी के बाद कोर्ट के बाहर उससे मिलने कुछ दोस्त आए थे। इनसे वह पुलिस की गाड़ी के अंदर से ही मिला। कोतवाल रवि कुमार सैनी ने बताया कि हाल ही में हुए छोई के बीडीसी मेंबर बीरू मनराल हत्याकांड में बाऊ मुख्य आरोपी है। इसलिए एसआई कविंद्र शर्मा, एसआई गगनदीप सिंह सहित पुलिस कर्मी कोर्ट परिसर में तैनात रहे।