लालकुआं (नैनीताल)। बिंदुखत्ता निवासी युवक का शव दो माह पूर्व घर की रसोई में फंदे से लटका मिला था। इसे संदिग्ध बताते हुए पिता ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है जबकि आत्महत्या की आशंका जता रही पुलिस इस घटना की बारीकी से जांच कर रही है।
गांधीनगर बिंदुखत्ता निवासी गोपाल सिंह लटवाल के पुत्र डिगर सिंह लटवाल का शव 31 मई को अपने घर की रसोई के आंगन में स्कार्फ के फंदे से लटका मिला था। पुलिस ने हल्द्वानी में शव का पोस्टमार्टम कराया था। इसकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस को मिल गई है। इसमें डिगर के शरीर में मृत्यु से पूर्व चोट के निशान की पुष्टि हुई थी। इसलिए डिगर सिंह के पिता गोपाल सिंह लटवाल ने शनिवार को पुलिस को दी तहरीर में बेटे की हत्या की आशंका जताई। इस तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाल रवि कुमार सैनी का कहना है कि प्रथम दृष्ट्या मामले को आत्महत्या माना जा रहा है क्योंकि डिगर का शव 31 मई की दोपहर में घर की रसोई में लटका मिला था। पत्नी के शोर मचाने पर पहुंचे पड़ोसियों ने दरवाजे में धक्का देकर कुंडी तोड़ने के बाद शव को उतारा था। पुलिस का कहना है कि डिगर का ऊधमसिंह नगर क्षेत्र की एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसकी भनक उसकी पत्नी तनुजा को थी। इस बात को लेकर तनुजा और डिगर के बीच मतभेद चल रहा था। पुलिस प्रकरण की बारीकी से जांच कर रही है।