रामनगर (नैनीताल)। संत जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल पीरूमदारा में शुक्रवार को एक अभिभावक का शिक्षक से झगड़ा हो गया। इसके विरोध में वहां के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने शनिवार को दो घंटे तक कोतवाल विक्रम राठौर का घेराव किया। मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्कूल प्रबंधक सिस्टर तेरेसा मसीह ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि अभिभावक गुरुवीर सिंह शुक्रवार को स्कूल में छुट्टी के बाद जबरन विद्यालय परिसर में घुस आए। उन्होंने गणित विषय के शिक्षक रुद्र सिंह मेहता को विद्यालय में बुलवाकर उन पर झूठे आरोप लगाए। उनके साथ मारपीट कर उन्हें जान से मारने की धमकी दी। रोकने पर स्कूल प्रबंधक से भी अभद्रता की गई। इसके बाद वह शिक्षक मेहता को मारते-पीटते हुए स्कूल से अपनी कार से अपहरण कर पीरूमदारा पुलिस चौकी में छोड़ गए। यह घटना स्कूल में लगे सीसीटीवी में भी रिकॉर्ड है। इस मामले में कोतवाल के निर्देश पर पुलिस ने तहरीर के आधार पर गुरुवीर सिंह और तीन अन्य के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 365, 323, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एसएसआई कश्मीर सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। इस दौरान सिस्टर तेरेसा मसीह, शिल्पा अग्रवाल, राजवंत, कुशाग्री, भगवती बिष्ट, मीना मनराल, पारुल पलड़िया, मनप्रीत सिंह, ललिता बिष्ट, विक्रम सिंह, निशा लटवाल, ललित करगेती, सोनी रावत, रीता जोशी, माया रावत, निधि बजाज, गीता नेगी आदि थे।
अभिभावक के खिलाफ शिक्षक के अपहरण की रिपोर्ट दर्ज
साथी शिक्षक के साथ मारपीट पर शिक्षक-शिक्षिकाओं ने कोतवाली घेरी
संत जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल पीरूमदारा में शुक्रवार को झगड़ा हुआ था