हल्दूचौड़ (नैनीताल)। राधा बंगर में दो किसानों ने अपने खेतों से अवैध रूप से खनन कर मिट्टी ही बेच डाली। शिकायत पर उपजिलाधिकारी एवं खनन विभाग की टीम ने छापेमारी कर दोनों किसानों के खेतों से 2297 घनमीटर अवैध खनन होना पाया। दोनों खेत स्वामियों पर 16 लाख 63 हजार का जुर्माना लगाया गया है।
एसडीएम एपी बाजपेई ने बताया कि मंगलवार को हुई छापेमारी में एक खेत में 1553 घनमीटर और दूसरे खेत में 744 घनमीटर अवैध खनन होना पाया गया है। मौके पर खेत स्वामी नहीं मिलने पर उन्हें नोटिस भेजने की कार्रवाई की जा रही है। उधर, खनन उपनिदेशक कुमाऊं राजपाल लेघा ने कहा कि जुर्माना लगाने के बाद रिपोर्ट प्रशासन को भेज दी गई है। इस दौरान टीम में लेखपाल मनोज रावत, पटवारी सुनीता जोशी, महेंद्र सिंह, प्रताप सिंह, बृजेश कुमार, मदन सिंह आदि उपस्थित थे।