रामनगर (नैनीताल)। सीपीयू पर अभद्रता का आरोप लगा टेंपो चालकों ने रविवार को एनएच पर जाम लगा दिया। ग्राम सांवल्दे निवासी टेंपो चालक राजेंद्र प्रसाद बताया कि गर्जिया मंदिर में सवारी छोड़कर वह शहर की ओर लौट रहा था। उसने लदुआ के पास सड़क किनारे टैंपो खड़ा किया था। आरोप है कि कागजात दिखाने के बाद भी सीपीयू ने उसका चालान काट दिया। विरोध करने पर उससे अभद्रता की। इसके विरोध में टेंपो चालकों ने रविवार को आमडंडा के पास काशीपुर- बुआखाल राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाकर नारेबाजी की। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे कोतवाल विक्रम राठौर ने टेंपो संचालकों को समझा, बुझाकर जाम खुलवाया। उन्होंने मामले की जांच के बाद जरूरी कार्रवाई का आश्वासन दिया।