गरुड़ (बागेश्वर)। थाना क्षेत्र कौसानी के एक युवक ने जिंदगी से तंग आकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए बागेश्वर भेज दिया है। घटना का कारण पता नहीं चल सका है। कौसानी पुलिस के अनुसार कृष्ण गिरी (22) पुत्र नैन गिरी निवासी देवलखेत (कपिलेश्वर) रविवार को मंडलसेरा बागेश्वर निवासी विवाहित बहन को बस तक छोड़ने गरुड़ बाजार आया था। देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन की। सोमवार के तड़के उसका शव एक बांज के पेड़ पर लटका मिला। ग्रामीणों ने घटना की सूचना थाना कौसानी पुलिस को दी। मृतक अपने मां-बाप का इकलौता पुत्र था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए बागेश्वर भेज दिया है। थानाध्यक्ष कौसानी एसएस नयाल ने बताया कि शव के पास एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें आत्महत्या का कारण जिंदगी से दुखी होना लिखा है। इसमें किसी युवती के फोन नंबर पर घटना की सूचना देने की बात लिखी गई थी लेकिन उक्त नंबर किसी बच्ची ने उठाया। एसओ ने बताया कि पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है।