लालकुआं (नैनीताल)। रविवार को शारदा नदी में डूबकर जान देने वाली किरन की शादी तय हो चुकी थी। घर में उत्सव का माहौल था, मगर किरन के आत्मघाती कदम ने पूरे परिवार की खुशियों पर ग्रहण लगा दिया। जिस पिता ने बेटी की डोली सजाने का सपना देखा था उसे अर्थी उठाने को मजबूर होना पड़ा। पुलिस के अनुसार किरन ने अंतिम फोन अपनी दीदी को किया था, इसकी कॉल डिटेल मौत की गुत्थी सुलझाएगी।
बिंदुखत्ता निवासी गोविंद सिंह की पुत्री किरन का शव रविवार दोपहर शारदा बैराज के किनारे बरामद हुआ था। सूत्रों से पता चला है कि शनिवार शाम किरन जैसे ही बनबसा पहुंची उसने बनबसा में रहने वाली अपनी बड़ी दीदी से फोन पर बात की। इसके बाद किरन ने शारदा नदी में डूबकर जान दे दी। इधर पुलिस के अनुसार उसकी दीदी ने अपने बयान में किरन से बात नहीं होना कहा है। इसलिए किरन की मौत की गुत्थी अब उसके मोबाइल की सीडीआर की जांच और उसके करीबियों से पूछताछ से सुलझ सकती है। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक किरन की अक्सर उसके एक करीबी रिश्तेदार से मोबाइल पर बातचीत होती थी। किरन की बिंदुखत्ता के ही एक युवक से शादी तय हो गई थी। लड़के वाले जल्द ही घर आकर रिश्ता पक्का करने वाले थे। इससे पहले ही किरन घर से चली गई थी। किरन पढ़ाई में होनहार थी। उसने बीएससी की परीक्षा भी अच्छे नंबरों से उत्तीर्ण की थी। करीबी परिजनों के मुताबिक किरन के पिता ने कहा था कि यदि उसे कोई लड़का पसंद है तो बता दें हम उसकी शादी करा देंगे।