हल्दूचौड़/लालकुआं (नैनीताल)। हल्दूचौड़ की रिहायशी कॉलोनी गोपीपुरम में कटिया डालकर मकान का निर्माण करवाना एक ठेकेदार को महंगा पड़ गया। प्रशिक्षु आईएएस/संयुक्त मजिस्ट्रेट सौरभ गहरवार ने भवन निर्माण कार्य में बिजली चोरी पकड़ी है। प्रशासन को सूचना मिली कि हल्दूचौड़ की रिहायशी कॉलोनी गोपीपुरम में एक मकान बन रहा है। इसके लिए बिजली पोल से जोड़े गए तार को जमीन पर बिछाया गया है, जो जानलेवा हो सकता है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संयुक्त मजिस्ट्रेट विभागीय टीम लेकर मौके पर पहुंचे। विभागीय टीम ने पोल से ली गई लाइन को जब्त कर लिया। ऊर्जा निगम के एसडीओ मनोज पांडे ने बताया कि चोरी से बिजली का उपभोग किया जा रहा था इसलिए बजरी कंपनी लालकुआं निवासी आरोपी ठेकेदार वाहिद रजा के खिलाफ लालकुआं कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।