नैनीताल। छह महीने पहले ऊधमसिंह नगर जिले से आकर मल्लीताल में प्रेमी संग रह रही युवती के अपहरण की शिकायत मिली है। ऊधमसिंह नगर पुलिस की ओर से भेजा गया पत्र मल्लीताल पुलिस को बुधवार को मिला। इसमें युवती के पिता की ओर से कहा है कि पिछले दिनों एक युवक ने उनकी बेटी का अपहरण कर लिया। युवती आरोपी के साथ अमुक पते पर रह रही है। पत्र के आधार पर मल्लीताल पुलिस पत्र में बताए पते पर पहुंची। पुलिस को युवक, युवती दोनों मिल गए। अपहरण की बात नकारते हुए युवती ने बताया कि उसने छह महीने पहले शादी की थी। उनका एक बच्चा भी है। उसने शिकायती पत्र को फर्जी बताया। युवती ने कहा कि उसके पिता अनपढ़ हैं जबकि शिकायती पत्र पर अंग्रेजी में हस्ताक्षर हैं। ऐसे में शिकायती पत्र ही जांच के दायरे में आ गया है। अब पुलिस युवती के पिता से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।