लालकुआं (नैनीताल)। गौला नदी में घुसकर खनन सामग्री लाने और खनन माफिया से साठगांठ के आरोप में धर्म कांटे के ऑपरेटर के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। बीती 22 मार्च को वन विकास निगम के सेक्शन अधिकारी जीएस बगड़वाल ने तहरीर देकर जबरन गौला नदी में घुसकर खनन सामग्री लाने संबंधी शिकायत की थी। पुलिस ने क्षेत्र में धर्म कांटा चलाने वाली संस्था जेपी स्टोन क्रेशर प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारी देवेंद्र सिंह दानू के खिलाफ 420 आईपीसी का मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल रवि कुमार सैनी ने बताया कि दानू की खोजबीन की जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध खनन कराने वाले धर्मकांटा कर्मचारियों की संख्या अधिक भी हो सकती है। जांच में यदि अन्य कर्मचारियों के शामिल होने का मामला आएगा तो संबंधित कर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।