सितारगंज में रामनगर से विवाह समारोह में शिरकत कर लौट रहे पीलीभीत के एक परिवार की कार एक नगरवासी की कार से भिड़ गई। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए। इनमें तीन की गंभीर हालत को देखकर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
बुधवार सुबह तकरीबन 6:30 बजे बिज्टी मार्ग पर बघौरी गांव के पास रामनगर से पीलीभीत जा रही कार संख्या (यूपी26आर-2462) और नगर के वार्ड संख्या तीन निवासी जहीर अहमद (22) पुत्र शरीफ अहमद की कार संख्या (यूके06एक्स-9555) की जोरदार भिड़ंत हो गई। जहीर पीलीभीत से घर आ रहा था। कारों की भिड़ंत में जहीर और पीलीभीत निवासी श्वेता गुप्ता (32) पत्नी राहुल कुमार, वरुण कुमार (25) पुत्र संजय शर्मा व विदित गुप्ता (12) पुत्र राहुल कुमार घायल हो गए। चारों को आपातकालीन 108 एंबुलेंस से सीएचसी लाया गया। डॉक्टर ने जहीर की गंभीर स्थिति को देख उसे हल्द्वानी के डा. सुशीला तिवारी अस्पताल और श्वेता और वरुण को हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त कारों को कब्जे में ले लिया है। फिलहाल पुलिस को हादसे की तहरीर नहीं दी गई थी।