रामनगर (नैनीताल)। चोरों ने प्राइमरी स्कूल और सेनेटरी की दुकान में ताले तोड़कर हजारों का माल उड़ा दिया। इतना ही नहीं चोर जाते-जाते स्कूल की अलमारी में रखे दस्तावेजों को आग के हवाले कर गए।
शुक्रवार रात चोरों ने ग्राम तेलीपुरा स्थित प्राइमरी स्कूल के ताले तोड़कर बच्चों के लिये बनने वाले भोजन का राशन व बर्तन आदि सामान चोरी कर लिया। चोरो ने स्कूल के एक कक्ष का ताला तोड़कर अलमारी में रखे स्कूल के आवश्यक दस्तावेजों को जला दिया। स्कूल में पहले भी कई बार चोरी की घटनाएं घट चुकी हैं। एसएसआई राहुल राठी ने बताया कि उक्त प्रकरण में स्कूल के प्रबंधक पूरन चंद्र ने तहरीर दी है।
वहीं पीरूमदारा क्षेत्र में 25 जनवरी की रात साईं मंदिर के समीप एमएस नेगी की गुरु कृपा ट्रैडर्स की दुकान में भी चोरों ने गल्ला तोड़ उसमें रखी हजारों रुपये की नगदी चोरी कर ली। चोर सीसीटीवी की डीबीआर भी चोरी कर ले गए। चौकी इंचार्ज कविंद्र शर्मा ने बताया कि दुकान से चोर करीब 40-50 हजार रूपये की नगदी चोरी कर ले गए हैं। मामले में जांच के साथ ही कुछ संदिग्धों से भी पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है।