हल्द्वानी। बनभूलपुरा पुलिस ने 27 दिन से लापता किशोरी को नासिक से बरामद कर उसके अपहर्ता प्रेमी को भी गिरफ्तार कर लिया।
जिला नासिक महाराष्ट्र के अगस्तीनगर निफाड निवासी युवक ने कुछ माह पूर्व बनभूलपुरा क्षेत्र की युवती के मोबाइल फोन पर मिस्ड कॉल की। तब से दोनों में बातचीत होने लगी। दोनों का प्यार इतना परवान चढ़ा कि किशोरी ने 17 फरवरी को घर छोड़ दिया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने धारा 365 के तहत गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज किया। एसआई राजेश मिश्रा को मामले की जांच सौंपी गई। सर्विलांस की जांच से पता चला कि किशोरी एक युवक के साथ महाराष्ट्र गई है। एसआई ने नासिक पहुंचकर आरोपी युवक के घर से किशोरी को बरामद कर लिया। पुलिस ने प्रेमी को अपहरण के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। दोनों का मेडिकल कराया गया। पुलिस ने वहां की अदालत से तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड पर लिया। पुलिस ने गुमशुदगी को धारा 376 और पॉक्सो एक्ट में तरमीम किया है। थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत का कहना है कि मुकदमे में अभियुक्त का भी नाम नहीं बताया जाएगा।
27 दिन से लापता किशोरी बरामद, प्रेमी गिरफ्तार
मिस्ड कॉल पर हुई थी किशोरी से दोस्ती, दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज