रामनगर में कोसी नदी के दो गेटों पर लगे तौल कांटों पर जिला बांट माप निरीक्षक उमा आर्या और एसडीएम परितोष वर्मा ने छापा मारा। इस दौरान तौल कांटों में भारी अनियमितताएं मिलने पर एसडीएम ने निगम अधिकारियों को कांटा संचालक के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही मामले की रिपोर्ट डीएम को भेजने की बात कही है। बृहस्पतिवार को एसडीएम परितोष वर्मा, जिला बांट माप निरीक्षक उमा आर्या ने बताया कि कालूसिद्ध गेट पर स्थापित तौल कांटे पर 95 किलो वजन कम दर्शाया जा रहा था जबकि खंड़जा गेट पर लगे तोल कांटे पर 30 किलो वजन कम आ रहा था। इस मामले की रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी। वहीं वन निगम के आरएम जीसी पंत ने बताया कि इस शुक्रवार को गुरुनानक जयंती, कोसी के साप्ताहिक बंद होने पर कांटे सही कराए जाएंगे, कांटों के अंतर की रिपोर्ट आने पर बृहस्पतिवार को हुए राजस्व नुकसान की वसूली ठेकेदार से वसूली जाएगी। पंत ने बताया कि बंजारी प्रथम गेट भी रविवार से खोल दिया जाएगा।