नैनीताल। मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा पांच बदमाशों के साथ गिरफ्तार किया गया भोपाल सिंह कार्की नैनीताल नगर पालिका के सूखाताल वार्ड से पालिका सदस्य है और खुद को शिवसेना का प्रदेश सचिव बताता है। मल्लीताल कोतवाली में उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 294 व 323 के तहत 20 साल पहले मुकदमा दर्ज हुआ था।
बुधवार को मुजफ्फरनगर पुलिस ने तावली मदरसे के पास मुठभेड़ के बाद हथियार खरीदने पहुंचे पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया था। इनमें नैनीताल नगर पालिका का सदस्य भोपाल सिंह कार्की भी शामिल था। पुलिस ने इनके कब्जे से तमंचे और 55 हजार रुपये बरामद किए थे। कार्की की गिरफ्तारी को लेकर नगर में दिन भर चर्चाएं होती रहीं। कार्की खुद को शिवसेना का प्रदेश सचिव बताता था और स्थानीय स्तर पर होने वाले आंदोलनों में बढ़ चढ़कर भागीदारी करता था। इधर, कोतवाली प्रभारी विपिन चंद्र पंत ने बताया कि भोपाल सिंह कार्की के खिलाफ वर्ष 1998 में छेड़छाड़ करने के मामले में 294 व 323 के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके अलावा कार्की के खिलाफ कोई अपराध पंजीकृत नहीं है। कार्की विवाहित है और उसका एक बेटा है।