नैनीताल। उच्च न्यायालय में फर्जी शपथ पत्र दाखिल करने को लेकर शनिवार को कोतवाली पुलिस ने रुद्रप्रयाग के एक युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। रजिस्ट्रार जनरल की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर यह मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सिलीसेरा रुद्रप्रयाग निवासी देवी प्रसाद गोस्वामी ने 21 दिसंबर को उच्च न्यायालय में शपथ पत्र दाखिल किया था। इसमें कहा था कि उसके भाई को किसी मामले में वर्ष 2013 में जेल हो गई थी। उसका भाई मानसिक रूप से स्वस्थ नहीं है। न्यायालय के आदेशानुसार पुलिस की ओर से उसका मेडिकल किया गया। इस परीक्षण में वह व्यक्ति पूरी तरह से स्वस्थ पाया गया। शनिवार को उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल नरेंद्र दत्त ने मल्लीताल कोतवाली के कोतवाली निरीक्षक विपिन चंद्र पंत को मामले की सूचना दी। इस पर उन्होंने कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक भुवन चंद्र मासीवाल को विवेचना के लिए भेजा। मासीवाल ने न्यायालय में फर्जी शपथ पत्र पेश करने के आरोप में देवी प्रसाद के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 व 468 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रजिस्ट्रार जनरल की ओर से जानकारी देने पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
रुद्रप्रयाग के एक युवक ने भाई को बताया था मानसिक रूप से अस्वस्थ
पुलिस ने मेडिकल कराया, स्वस्थ निकला युवक का भाई