रामनगर (नैनीताल)। ओवरलोड टेंपो पलटने से अधेड़ की मृत्यु हो गई। भंडारपानी के पास स्थित लेटी गांव में मंगलवार को किसी की शादी थी। बेतालघाट ब्लॉक के रिखोली गांव निवासी चंदन राम (55) पुत्र दुर्गा राम को भी इस शादी में शामिल होना था। इसके लिए चंदन समेत आठ लोगों ने रामनगर से एक टैंपो बुक कराया। वह इसमें सवार होकर लेटी गांव की ओर जा रहे थे, कि तभी पाटकोट रोड पर टेड़ा गांव से आगे ग्रासलैंड के पास उनका टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे चंदन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत 108 की मदद से संयुक्त चिकित्सालय लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर किया गया था लेकिन परिजन उसे नहीं ले जाना सके। इसी बीच उसकी मौत हो गई। एसआई सिमरन ने पंचनामा भरा। बताया कि परिजन शव को बेतालघाट ले गए।