... काशीपुर यूडीएस के लिए
रामनगर (नैनीताल)। यहां हुए दो सड़क हादसों में पांच लोग घायल हो गए। इनमें शामिल एक श्रद्धालु का पैर कट गया। काशीपुर के ग्राम खड़कपुर देवीपुरा निवासी 25 से अधिक श्रद्धालु ट्रैक्टर ट्रॉली से गर्जिया मंदिर जा रहे थे कि रिंगौड़ा जारत के पास सामने से आ रही कार को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई। इससे खड़कपुर देवीपुरा निवासी अविनाश, हरद्वारी सिंह, राजबाला, पूजा गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें शामिल अविनाश का पैर कट गया। ट्रैक्टर में सवार कुछ लोगों ने तुरंत 108 को फोन किया, मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने घायलों को तुरंत संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने भी घायलों से घटना की जानकारी ली। वहीं चिल्किया के पास बाइक फिसलने से हरीश सत्यवली घायल हो गया। उसने संयुक्त चिकित्सालय में उपचार कराया।