बिंदुखत्ता (नैनीताल)। अपनी बेटियों के साथ अभद्रता करने वाले पूर्व सैनिक के खिलाफ उसकी पत्नी ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। इधर पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। बिंदुखत्ता गांधीनगर निवासी एक महिला ने अपने पति के खिलाफ स्थानीय कोतवाली में तहरीर देते हुए कहा कि उसका पति आए दिन अपनी बेटियों पर बुरी नियत रखते हुए उनके साथ अभद्रता करता है। विरोध करने पर आए दिन मारपीट कर जान से मारने की धमकी देता है। कोतवाली पहुंची महिला ने पति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। इधर पुलिस ने आईपीसी की धारा 323, 354, 504 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। कोतवाल आरके सैनी के मुताबिक पूर्व सैनिक सूबेदार के पद से सेवानिवृत्त है। मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाएगी।