रामनगर (नैनीताल)। चोरो ने बुधवार की देर शाम सांवल्दे पूर्वी के घर में धावा बोलकर हजारों का माल पार कर दिया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है। सांवल्दे पूर्वी निवासी सगीर अहमद ने बृहस्पतिवार को पुलिस को तहरीर देकर बताया कि बुधवार की देर शाम वह घर में सोया हुआ था कि तभी एक फोन आया। उसने बाहर देखा कि कोई भाग रहा है। यह देख उसने शोर मचा दिया। शोर सुनकर जागे परिजनों और मोहल्लेवासियों ने चोरों को पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह फरार हो गए। सगीर अहमद ने बताया कि चोर घर से दो सिलेंडर, एक भगोना, एक बड़ा लोटा, एक मोबाइल और 1000 रुपये चुरा ले गए हैं। पीड़ित युवक ने पुलिस को तहरीर देकर चोरों को खोजने की गुहार लगाई है।