लालकुआं (नैनीताल)। विगत 14 सितंबर को गौला नदी में डूबकर मरने वाले दो युवकों के परिजनों ने इसे हत्या बताकर गांव के ही कुछ लोगों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। इधर, पुलिस का कहना है कि घटना की जांच कराई जाएगी। सोमवार को कोतवाली पहुंचे मृतक रमेश की पत्नी फूलमती और मृतक सन्नी के परिजनों ने बताया कि सन्नी और रमेश की मौत डूबने से नहीं हुई है। उनकी गांव के ही कुछ लोगों ने हत्या कर नदी में फेंक दिया। उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। कोतवाली पहुंचने वालों में सुरेश चंद्र, अजय कुमार, राजेश, महेंद्र कुमार, राजकुमारी, सीता देवी, कुमारी पार्वती, रूपा देवी आदि शामिल थे। इधर कोतवाली के एसएसआई जेआर बगरेठा का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दोनों युवकों की मौत नदी में डूबने से बताई गई है। मृतकों के परिजनों के संदेह को देखते हुए पुलिस ने तहरीर पर जांच कराने का निर्णय लिया है। इसकी जांच उपनिरीक्षक जितेंद्र गर्ब्याल को सौंपी गई है।