हरनही।
गाजर नरसिंह गांव के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचा सटाकर युवक की बाइक, नगदी लूट ली और विरोध करने पर उसे पीटकर फरार हो गए। पुलिस अधीक्षक दक्षिणी ज्ञान प्रकाश चतुर्वेदी ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों का हुलिया पता किया और उनकी तलाश में जुट गए।
रविवार शाम साढ़े सात बजे हरपुर-बुदहट के डिघ्घी निवासी अभिषेक शुक्ला गोरखपुर से बाइक लेकर घर लौट रहे थे। बांसगांव थानाक्षेत्र के हरनही चौराहे से सिसवा रोड पर गाजर नरसिंह गांव के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। पीछे बैठे बदमाश ने अभिषेक के सिर पर तमंचा सटा दिया और 900 रुपये नगदी, बाइक लूट ली। विरोध करने पर पिटाई भी कर दी और फरार हो गए। बदमाशों के जाते ही अभिषेक ने शोर मचाना शुरू किया। आसपास के लोग पहुंचे और लूट की सूचना पुलिस को दी गई। एसपी दक्षिणी ज्ञान प्रकाश चतुर्वेदी, एसओ बांसगांव, एसओ खजनी ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने तीन अज्ञात लुटेरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।